
मीरजापुर में अंतर्राज्यीय साइबर फ्रॉड गैंग का भंडाफोड़, 8 गिरफ्तार
मीरजापुर। थाना लालगंज और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय साइबर फ्रॉड गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने टाटा डीसीएम ट्रक में छिपाकर ले जाए जा रहे 11,605 पुराने मोबाइल फोन और 8 मोटरसाइकिल के साथ कुल 8 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई गई है।
यह कार्रवाई 16 मार्च 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम तेन्दुई टोल प्लाजा के पास की गई। पुलिस ने वाहन संख्या UP 62 CT 5893 से भारी मात्रा में मोबाइल फोन बरामद किए, जिनमें 874 एंड्रॉइड और 10,605 की-पैड मोबाइल शामिल हैं। साथ ही 48,800 रुपये नकद भी बरामद हुए।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे विभिन्न राज्यों से पुराने मोबाइल फोन एकत्र कर अवैध तरीके से बिहार ले जाते थे, जहां उन्हें रिपेयर कर उनके डाटा को रिकवर कर साइबर फ्रॉड के लिए इस्तेमाल किया जाता था। इस डाटा की बिक्री से प्राप्त धन को आपस में बांट लिया जाता था।
गिरफ्तार सभी आरोपी बिहार के कटिहार और पूर्णिया जनपद के निवासी हैं। इस संबंध में थाना लालगंज में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सभी अभियुक्तों को न्यायालय भेजा गया है।
इस सराहनीय कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम को 10,000 रुपये का पुरस्कार भी प्रदान किया गया है।















