लूट की वारदात निकली फर्जी, चालक व सेल्समैन ने ही हड़पे बिक्री के रुपये

लूट की वारदात निकली फर्जी, चालक व सेल्समैन ने ही हड़पे बिक्री के रुपये

मीरजापुर। मड़िहान थाना क्षेत्र में दो जुलाई को हुई कथित लूट की घटना पुलिस जांच में झूठी निकली। पुलिस के अनुसार चालक और सेल्समैन ने आर्थिक तंगी तथा बैंक ऋण के दबाव के चलते बिक्री की रकम आपस में बांट ली और लूट की मनगढ़ंत कहानी बनाकर मालिक व पुलिस को गुमराह किया।

पुलिस के मुताबिक बाजीराव कटरा निवासी व्यवसायी सचिन कटारे ने तीन जुलाई को मड़िहान थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनके चालक सुनील कुमार यादव और सेल्समैन राजकुमार प्रजापति बिक्री की वसूली कर लौट रहे थे। आरोप था कि बेला मंदिर के पास बाइक सवार दो अज्ञात बदमाश रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। इस सूचना पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित तीन टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, ह्यूमन इंटेलिजेंस और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच की। जांच में सामने आया कि दोनों कर्मचारियों ने सुनियोजित ढंग से बिक्री की रकम निजी उपयोग के लिए आपस में बांट ली। घटना को वास्तविक दिखाने के लिए वाहन का अगला बायां टायर नुकीले औजार अथवा गिट्टी से फाड़ दिया गया तथा गाड़ी में रखे जैक से शीशा तोड़ दिया गया। इसके बाद लूट की झूठी सूचना मालिक और पुलिस को दी गई।

पुलिस ने बताया कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें