
श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम
सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: जिलाधिकारी
मिर्जापुर। आगामी 30 जुलाई से प्रारंभ होने वाले श्रावण मास को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने कांवड़ यात्रा, गंगा घाटों पर स्नान, शिवालयों में जलाभिषेक तथा कानून व्यवस्था को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार तथा श्रावण शिवरात्रि पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु बरियाघाट, पक्का घाट, दीवान घाट सहित विभिन्न गंगा घाटों से जल लेकर शिवद्वार व अन्य शिवालयों में जलाभिषेक के लिए जाते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और कानून व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। ड्यूटी पर तैनात मजिस्ट्रेटों को अपने प्रतिस्थानी के आने तक ड्यूटी स्थल न छोड़ने तथा प्रतिदिन व्यवस्थाओं की रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने नगर निकायों एवं जिला पंचायत राज विभाग को कांवड़ मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, मोबाइल शौचालय और अस्थायी चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। गंगा घाटों पर महिला एवं पुरुष स्नान घाटों का पृथक्करण, बैरिकेडिंग, गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए मजबूत सुरक्षा व्यवस्था तथा पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस विभाग को 24 घंटे पेट्रोलिंग, ड्रोन कैमरों से निगरानी, प्रमुख मार्गों एवं मंदिरों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती तथा गंगा घाटों पर लगातार सुरक्षा संबंधी उद्घोषणा कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी और अफवाह फैलाने या आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
श्रावण मास के दौरान जनपद में खुले में मांस की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। बरियाघाट से पेहटी चौराहे तक सड़क को अतिक्रमण मुक्त रखने तथा शुक्रवार से सोमवार तक इस मार्ग पर चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। बरौंधा–राबर्ट्सगंज तिराहे से मड़िहान मार्ग पर भी शनिवार रात से सोमवार रात तक भारी एवं चार पहिया वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी।
विद्युत विभाग को जर्जर बिजली के पोल एवं लटकते तारों की मरम्मत, लोक निर्माण विभाग को कांवड़ मार्गों की मरम्मत, खाद्य सुरक्षा विभाग को खाद्य पदार्थों की जांच, आबकारी विभाग को भांग एवं शराब की दुकानों की निगरानी तथा पशुपालन विभाग को छुट्टा पशुओं को मार्ग से हटाने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।











