
महिला अपराध के चार आरोपित समेत छह मामलों में कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार, दो शराब तस्कर भी दबोचे
मिर्जापुर। जनपद पुलिस ने महिला एवं बाल अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। वहीं लालगंज पुलिस ने 25 लीटर अवैध कच्ची देशी शराब के साथ दो आरोपितों को भी गिरफ्तार किया। इसके अलावा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले भर में 24 लोगों का बीएनएसएस की धाराओं के तहत चालान किया गया।
अदलहाट पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में भुइली निवासी अन्नू यादव को गिरफ्तार किया। उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजा गया।
कोतवाली देहात पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में भुईली पाण्डेय निवासी रोहित को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही थी।
कछवां पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में पाण्डेयपुर निवासी इबरार को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा। वहीं लालगंज पुलिस ने वर्ष 2023 से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने तथा पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में प्रयागराज के माण्डा थाना क्षेत्र के कुरहरा गांव निवासी विष्णुकांत उर्फ नेता को गिरफ्तार किया।
उधर, लालगंज पुलिस ने अवैध शराब के विरुद्ध अभियान के दौरान खजुरी गांव से मोहित और करण सिंह को कुल 25 लीटर कच्ची देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। दोनों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
इसके अतिरिक्त जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के तहत 24 व्यक्तियों का चालान किया। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने महिला एवं बाल अपराधों, अवैध शराब तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं।









