
पहाड़ घुमाने ले गए युवक की इलाज के दौरान मौत, अमित केशरवानी समेत अन्य पर केस
मीरजापुर। विंध्याचल थाना क्षेत्र के बंगाली चौराहा निवासी 20 वर्षीय शिवमोहन पुत्र शिवकुमार की इलाज के दौरान मौत के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और तहरीर के आधार पर हत्या समेत एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शिवमोहन को 11 जुलाई को विंध्याचल के सदर बाजार निवासी अमित केशरवानी ने 200 रुपये देकर विंध्याचल पहाड़ पर पानी वाले स्थानों की जानकारी करने के लिए भेजा था। शिवमोहन ने शिवाला घाट का स्थान बताया। अगले दिन 12 जुलाई को शिवमोहन, अमित और उसका एक रिश्तेदार शिवाला घाट घूमने गए थे। आरोप है कि वापस लौटते समय देवरहवां बाबा आश्रम के पास शिवमोहन के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसे सड़क किनारे फेंक दिया गया।
इसी दौरान स्थानीय लोगों ने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची विंध्याचल पुलिस ने घायल शिवमोहन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विंध्याचल भेजा, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में परिजनों ने वाराणसी के सनसाइन मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में उसका इलाज कराया, जहां 20 जुलाई को उसकी मौत हो गई।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि शिवमोहन की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। इसी मांग को लेकर परिजनों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया।
सूचना पर क्षेत्राधिकारी नगर और प्रभारी निरीक्षक विंध्याचल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को समझाकर जाम समाप्त कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मु.अ.सं. 203/2026 में धारा 105 बीएनएस एवं 3(2)(5) एससी/एसटी एक्ट के तहत अमित केशरवानी व कुछ अन्य लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में वैधानिक कार्रवाई और जांच जारी है। फिलहाल क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था सामान्य है।










