20 लाख रुपये की हेरोइन के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, विंध्याचल पुलिस की बड़ी कार्रवाई

20 लाख रुपये की हेरोइन के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, विंध्याचल पुलिस की बड़ी कार्रवाई

मिर्जापुर। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विंध्याचल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 99.80 ग्राम हेरोइन के साथ चार शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में अपराध नियंत्रण तथा अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर विंध्याचल पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए महेन्द्र बिन्द उर्फ धर्मेन्द्र बिन्द निवासी लाल का डेरा गोसाई का पुरवा थाना विंध्याचल, बोतल बिन्द निवासी महुवरिया थाना विंध्याचल, नागा पासी निवासी नई बस्ती थाना विंध्याचल तथा राजेश उपाध्याय निवासी लोहदी कलां थाना कोतवाली देहात को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 99.80 ग्राम अवैध हेरोइन तथा एक सफेद पॉलिथिन बरामद की गई। इस संबंध में थाना विंध्याचल पर मुकदमा अपराध संख्या 199/2026 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया गया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी नागा पासी के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मुकदमे दर्ज हैं, जबकि महेन्द्र बिन्द के खिलाफ भी मादक पदार्थ तस्करी से संबंधित मामला दर्ज है।

गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई उपनिरीक्षक गणेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक चन्द्रभान सिंह एवं विंध्याचल थाना पुलिस टीम द्वारा की गई।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें