
बजाज एजुकेशन सेंटर में दो दिवसीय पुस्तक मेला आयोजित
मीरजापुर। विद्यार्थियों में पठन-पाठन की रुचि विकसित करने और पुस्तकों के प्रति प्रेम जागृत करने के उद्देश्य से विंध्याचल रोड स्थित सेठ द्वारका प्रसाद बजाज एजुकेशन सेंटर में दो दिवसीय पुस्तक मेले का सफल आयोजन किया गया।
यह पुस्तक मेला 05 फरवरी 2026 एवं 06 फरवरी 2026 को विद्यालय परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पुस्तक मेले का शुभारंभ प्रधानाचार्या डॉ. शिवानी कौशिक ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पुस्तकें मानव की सच्ची मित्र होती हैं। डिजिटल युग में भी पुस्तकों का महत्व कम नहीं हुआ है, बल्कि वे ज्ञान, संस्कार और व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के अतिरिक्त विभिन्न विधाओं की पुस्तकें पढ़ने के लिए प्रेरित किया।
मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित प्रकाशकों की स्टॉल लगाई गईं, जहां कहानी, बाल साहित्य, सामान्य ज्ञान, जीवनियाँ एवं प्रेरणादायक पुस्तकों की विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध रही। विद्यार्थियों ने अपनी रुचि के अनुसार पुस्तकों का चयन किया और बड़ी संख्या में पुस्तकें खरीदीं। छोटे बच्चों में चित्र-पुस्तकों को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
मेले के दौरान विद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक पुस्तकों के चयन में मार्गदर्शन प्रदान किया। वहीं अभिभावकों की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही। उन्होंने विद्यालय के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों का रुझान मोबाइल और इंटरनेट से हटकर पुस्तकों की ओर बढ़ता है।
विद्यालय परिवार ने भविष्य में भी इस प्रकार के शैक्षणिक एवं साहित्यिक आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। अंत में प्रधानाचार्या ने सभी प्रकाशकों,
शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।















