माफिया-अपराधियों पर निर्णायक कार्रवाई के एसपी मिर्जापुर ने दिए निर्देश

मीरजापुर में अपराध नियंत्रण पर सख्त एसपी, माफिया-अपराधियों पर निर्णायक कार्रवाई के निर्देश
मीरजापुर। पुलिस लाइन स्थित मां विन्ध्यवासिनी सभागार कक्ष में पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक की अध्यक्षता में जनपदीय पुलिस अधिकारियों के साथ मासिक अपराध एवं कानून व्यवस्था समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में समस्त थानों व शाखाओं की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा करते हुए एसपी ने अपराध नियंत्रण, विवेचनाओं के निस्तारण और कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने लम्बित विवेचनाओं, आईजीआरएस व जनसुनवाई प्रकरणों, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, चिह्नित माफियाओं के विरुद्ध कार्रवाई, कोडिन से जुड़े मामलों, मादक पदार्थों, अवैध व अपमिश्रित शराब तथा नशीले पदार्थों के कारोबारियों और गो-तस्करों के खिलाफ चल रहे अभियानों की समीक्षा की। शराब, भू-माफिया, वन माफिया और खनन माफियाओं पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
महिला अपराधों को गंभीरता से लेते हुए अभियुक्तों के विरुद्ध सख्त निरोधात्मक कार्रवाई, हिस्ट्रीशीटरों पर कड़ी निगरानी, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट व टॉप-10 अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला पुलिसकर्मियों, एंटी रोमियो टीम और शक्ति दीदी/महिला बीट आरक्षियों को गांवों, मोहल्लों, स्कूल-कॉलेज व कोचिंग संस्थानों में जनजागरूकता, आत्मरक्षा, महिला सुरक्षा व साइबर अपराधों से संबंधित जानकारी देने को कहा गया।
‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ के तहत अधिकाधिक सजा सुनिश्चित कराने, समयबद्ध चार्जशीट व अंतिम रिपोर्ट दाखिल करने, माल निस्तारण तथा विशेष रूप से पाक्सो एक्ट व दुष्कर्म जैसे मामलों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। थानों पर आने वाले पीड़ितों से सद्व्यवहार, निष्पक्षता के साथ समस्याओं का शीघ्र समाधान और जनपद में शांति, सुरक्षा व यातायात व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
एसपी ने सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, रोडवेज व रेलवे स्टेशन सहित भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निरंतर फुट पेट्रोलिंग, संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों व वस्तुओं की चेकिंग के निर्देश दिए। साथ ही ईनामिया अपराधियों की गिरफ्तारी, गुमशुदा व दुर्घटना संबंधी मामलों में प्राथमिकता से अभियोग पंजीकरण, चरित्र व पासपोर्ट सत्यापन, शस्त्र लाइसेंस रिपोर्ट, आईटीएसएसओ पोर्टल, सीएम डैशबोर्ड, आईजीआरएस व न्यायालय से निर्गत सम्मन-वारंटों की शत-प्रतिशत समयबद्ध तामिला सुनिश्चित करने को कहा।
गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी सदर, चुनार व लालगंज, क्षेत्राधिकारी फायर सर्विस, प्रतिसार निरीक्षक सहित जनपद के समस्त प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष, शाखा प्रभारी व अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।