पंचर होने पर पशुओं से भरा पिकअप छोड़कर भागे तस्कर

पंचर होने पर पशुओं से भरा पिकअप छोड़कर भागे तस्कर, गोवंश तस्करी के अंजाम पर फिर उठे सवाल
मिर्जापुर। राजगढ़ थाना क्षेत्र के धनसीरिया माइनर के पास पशुओं से भरा एक पिकअप वाहन पंचर होने के बाद बीच सड़क पर छोड़कर पशु तस्कर फरार हो गए। वाहन में सवार तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची राजगढ़ पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से ट्रैक्टर की मदद से पिकअप वाहन को थाने भिजवाया। तलाशी के दौरान पिकअप में सात गोवंश लदे पाए गए, जिन्हें पुलिस ने सुरक्षित गौशाला पहुंचा दिया।
इस घटना ने एक बार फिर गोवंश तस्करी के पूरे नेटवर्क और उसके अंजाम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्र में चर्चा है कि यदि वाहन पंचर न होता और ग्रामीण सतर्कता न दिखाते, तो इन गोवंशों का क्या होता—यह एक गंभीर प्रश्न है। अक्सर ऐसे मामलों में गोवंशों को दूरदराज के इलाकों में ले जाकर अवैध रूप से कटान या तस्करी के हवाले कर दिया जाता है।
हालांकि पुलिस की सक्रियता से इस मामले में गोवंशों को बचा लिया गया, लेकिन सवाल यह भी है कि क्या ऐसे तस्कर हर बार पुलिस के शिकंजे में आ पाते हैं या अधिकांश मामलों में कानून से बच निकलते हैं। राजगढ़ पुलिस का कहना है कि अज्ञात तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं और पशु तस्करी से जुड़े गिरोहों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
पुलिस कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली, वहीं क्षेत्र में गोवंश तस्करी पर स्थायी रोक लगाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। आसपास के लोग कहते सुने गए की पंचर ने पशुओं की जान बचा दी।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें