मिर्जापुर में अस्पताल चौकी में घुसकर मारपीट मामले में पुलिस की त्वरित करवाई,कई गिरफ्तार

पुलिस चौकी कांड में 4 नामजद सहित कई पर केस दर्ज, 3 आरोपी गिरफ्तार

दरोगा-सिपाही से मारपीट मामले में बीएनएस व सीएलए एक्ट की धाराएं लगीं

हालिया घटनाओं के बाद कानून व्यवस्था पर उठे सवाल

मिर्जापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित सदर अस्पताल पुलिस चौकी में हुई मारपीट और बवाल के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 4 नामजद समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। चौकी प्रभारी सदर अस्पताल उ0नि0 मनोज कुमार राय की तहरीर पर थाना कोतवाली शहर में मु0अ0सं0-72/2026 के तहत मामला पंजीकृत किया गया है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में भरत तिवारी, मनोज त्रिपाठी, विकास त्रिपाठी निवासीगण ग्राम मेवली थाना कोतवाली देहात तथा विक्की उर्फ हरेन्द्र प्रताप निवासी रामबाग को नामजद किया गया है, जबकि कुछ अन्य अज्ञात व्यक्तियों को भी आरोपी बनाया गया है। सभी के खिलाफ बीएनएस की धारा 191(2), 121(1), 352, 351(2), 324(4)(5) एवं 7 सीएलए एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपियों में से भरत तिवारी, मनोज त्रिपाठी और विकास त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

ज्ञात हो कि 29 अप्रैल को ई-रिक्शा विवाद के बाद मामला इतना बढ़ गया था कि दबंगों ने पुलिस चौकी में घुसकर दरोगा और सिपाही की पिटाई कर दी थी। इस दौरान दरोगा की वर्दी फाड़ दी गई और सिपाही के सिर में चोट आई थी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में कानून व्यवस्था को लेकर सख्ती की कमी महसूस की जा रही है। कुछ दिन पहले सपा एवं अधिवक्ताओं के जुलूस के दौरान एसडीएम कार्यालय में तोड़फोड़ की घटना भी चर्चा में रही, जिस पर ठोस कार्रवाई न होने की बात कही जा रही है। लोगों का मानना है कि ऐसी घटनाओं से असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ रहा है और पुलिस बैकफुट पर नजर आ रही है।

क्षेत्राधिकारी नगर ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की गई है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और अन्य की तलाश जारी है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें