
डंकीगंज समेत कई मोहल्लों में बिजली चोरी पर कार्रवाई, 4 एफआईआर दर्ज
मिर्जापुर। गर्मियों के मौसम में बढ़ते विद्युत लोड और ऊर्जा खपत के बीच बिजली चोरी की रोकथाम के लिए विद्युत विभाग ने विभिन्न मोहल्लों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। उपखंड अधिकारी दीपक पटेल के निर्देशन में हुए इस अभियान में अवर अभियंता प्रमोद कुमार व अन्य लाइन स्टाफ की टीम शामिल रही।
अभियान के तहत डंकीगंज, तेलियागंज, पक्की सराय, परिया टोला, दुर्गा देवी और मकरीखो समेत कई क्षेत्रों में उपभोक्ताओं के कनेक्शन की जांच की गई। इस दौरान कुल 10 विद्युत अनियमितताएं पाई गईं। वहीं बिजली चोरी के 4 मामलों में संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।

विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया कि सभी उपभोक्ता विधिवत कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करें। कटिया डालकर अवैध रूप से बिजली का प्रयोग करना दंडनीय अपराध है, जिससे विभाग को आर्थिक क्षति होती है और अन्य उपभोक्ताओं की विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित होती है।
विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं वैध तरीके से बिजली का उपयोग करें। साथ ही यह भी कहा गया है कि इस प्रकार के चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।















