विंध्याचल के अष्टभुजा मंदिर में रहस्यमयी जलधारा, पुजारी भी हैरान

गर्मी में भी भीग रहा अष्टभुजा देवी मंदिर, पहाड़ी से आ रहा रहस्यमय पानी

मिर्जापुर। विंध्याचल क्षेत्र के प्रसिद्ध अष्टभुजा देवी मंदिर में इन दिनों एक अनोखी स्थिति देखने को मिल रही है। भीषण गर्मी और बिना बारिश के बावजूद मंदिर के गर्भगृह में पानी आने से माता का वस्त्र भीग रहा है, जिससे श्रद्धालुओं में आश्चर्य और चर्चा का माहौल है।

मंदिर के पुजारी निलेश के अनुसार, पहाड़ी के ऊपर से लगातार पानी रिसकर आ रहा है, जिसके कारण न केवल देवी प्रतिमा पर चढ़ाए गए वस्त्र गीले हो जा रहे हैं, बल्कि स्वयं पुजारी के कपड़े भी भीग जा रहे हैं। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि संभव है कहीं कोई पानी का पाइप लीक कर रहा हो, जिससे यह पानी नीचे तक पहुंच रहा हो।

आमतौर पर बरसात के मौसम में इस तरह की स्थिति कभी-कभी देखने को मिलती थी, लेकिन ग्रीष्मकाल में इस प्रकार पानी का आना असामान्य माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना पिछले कुछ दिनों से लगातार बनी हुई है। कुछ लोग इसे प्राकृतिक कारणों से जोड़ रहे हैं, तो वहीं कई श्रद्धालु इसे आस्था और चमत्कार के रूप में भी देख रहे हैं।

मां अष्टभुजा देवी का यह मंदिर विंध्याचल धाम के प्रमुख सिद्धपीठों में गिना जाता है। मान्यता है कि यहां दर्शन करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। नवरात्रि के दौरान यहां लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

फिलहाल इस रहस्यमय पानी के स्रोत को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय प्रशासन या संबंधित विभाग की ओर से जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह प्राकृतिक जलस्रोत है या किसी पाइपलाइन लीकेज जैसी तकनीकी वजह से पानी का प्रवाह हो रहा है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें