
मीरजापुर, 05 मई 2026 विकास भवन के सभागार में शिक्षामित्र सम्मान एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर विधायक रत्नाकर मिश्र तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, मझवां विधायक सूचिस्मिता मौर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया और जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसमें उन्होंने शिक्षामित्रों के हित में सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने शिक्षामित्रों को बढ़े हुए मानदेय की बधाई देते हुए कहा कि इससे उनमें और अधिक उत्साह के साथ कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।
नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने कहा कि मानदेय वृद्धि शिक्षामित्रों के परिश्रम का सम्मान है और इससे शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। मझवां विधायक सूचिस्मिता मौर्य ने सरकार द्वारा ऑपरेशन कायाकल्प के तहत विद्यालयों में किए गए सुधारों, स्मार्ट क्लास और आईसीटी लैब की स्थापना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार लगातार शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने शिक्षामित्रों के मानदेय को 3000 रुपये से बढ़ाकर 18000 रुपये किए जाने की सराहना की।
मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा से शिक्षामित्रों को सम्मानजनक मानदेय देकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया गया है। उन्होंने बताया कि मानदेय को 10,000 रुपये से बढ़ाकर 18,000 रुपये किया जाना उनके समर्पण का सम्मान है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों द्वारा शिक्षामित्रों को 18,000 रुपये मानदेय के प्रतीकात्मक चेक भी वितरित किए गए। इस अवसर पर शिक्षामित्रों ने सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम में चुनार विधायक के प्रतिनिधि आलोक कुमार सिंह, मंडलायुक्त राकेश प्रकाश, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल वर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय रविंद्र शुक्ला सहित बड़ी संख्या में शिक्षामित्र उपस्थित रहे।















