
लेखपाल भर्ती परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
मीरजापुर। लेखपाल भर्ती परीक्षा को नकल विहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं अपर जिलाधिकारी अजय कुमार सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बी.एल.जे. इंटर कॉलेज तथा माता प्रसाद माता भीख इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों में जाकर व्यवस्थाओं को देखा तथा केंद्र व्यवस्थापकों को शासन की गाइडलाइन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच, सीसीटीवी निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई जाए। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी एवं केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।















