मिर्जापुर में फर्जी दरोगा गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

कलेक्ट्रेट परिसर में फर्जी दरोगा बनकर घूम रहा युवक गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

मीरजापुर। थाना कोतवाली शहर पुलिस ने पुलिस की वर्दी पहनकर फर्जी दरोगा बनकर घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी कलेक्ट्रेट परिसर के आसपास पुलिस अधिकारी बनकर घूम रहा था, जिसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में जनपद में अपराधियों एवं धोखाधड़ी करने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार बुधवार को सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति थाना कोतवाली शहर क्षेत्र के कलेक्ट्रेट परिसर के आसपास पुलिस की वर्दी पहनकर स्वयं को दरोगा बताकर घूम रहा है।

सूचना के आधार पर थाना कोतवाली शहर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सपा कार्यालय गेट, कचहरी के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान शिव कुमार पाल पुत्र नागेंद्र पाल निवासी ग्राम करछना, थाना करछना, जनपद प्रयागराज के रूप में हुई।

जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी पुलिस की वर्दी पहनकर फर्जी दरोगा बनकर लोगों के बीच घूम रहा था। इस संबंध में थाना कोतवाली शहर में मु.अ.सं. 104/2026 के तहत धारा 205 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तारी की कार्रवाई उपनिरीक्षक जयदीप सिंह एवं उनकी पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में फर्जी पहचान बनाकर लोगों को भ्रमित करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें