
मिर्जापुर में गला रेतकर घायल मिली महिला की हुई पहचान, अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मिर्जापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के नटवा कारखाना के पास 15 जून की सुबह गला रेतकर गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली महिला की पहचान हो गई है। महिला की पहचान बिहार के पूर्णिया जिले की रहने वाली 46 वर्षीय शीला देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शीला देवी दिल्ली से सीमांचल एक्सप्रेस ट्रेन से अपने घर पूर्णिया जा रही थीं। 14 जून की शाम वह मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर उतर गई थीं, जिसके बाद किसी कारणवश स्टेशन से बाहर चली गईं। अगले दिन सुबह नटवा कारखाना के पास वह खून से लथपथ और गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलीं, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
परिजनों के अनुसार शीला देवी के पति संजीव कुमार मूल रूप से पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी के निवासी हैं और विवाह के बाद पिछले 26 वर्षों से दिल्ली में रह रहे हैं। उनके 25 वर्षीय पुत्र शुभम कुमार ने ही उन्हें दिल्ली से ट्रेन में बैठाया था।
पुलिस द्वारा महिला को बेहतर उपचार के लिए वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां इलाज के दौरान दिए गए बयान के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एएसपी सिटी नितेश सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है।














