जनसुनवाई में लापरवाही पर मंडलायुक्त राजेश प्रकाश का एक्शन, कई अधिकारियों को चेतावनी

जनसुनवाई में लापरवाही पर मंडलायुक्त का एक्शन, कई अधिकारियों को चेतावनी

प्रातः 10 से 12 बजे तक अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य, जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर मंडलायुक्त सख्त

मिर्जापुर, 18 जून 2026 विन्ध्याचल मंडल के मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने जन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण को लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। आईजीआरएस एवं जनसुनवाई व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कई अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए उन्हें चेतावनी दी गई, जबकि संतोषजनक कार्य करने वाले अधिकारियों की सराहना भी की गई।

मंडलायुक्त ने दूरभाष के माध्यम से विभिन्न तहसीलों में अधिकारियों की उपस्थिति और जनसुनवाई की स्थिति का सत्यापन किया। समीक्षा में तहसील दुद्धी (सोनभद्र) के उप जिलाधिकारी निखिल यादव निर्धारित समय तक कार्यालय में उपस्थित नहीं मिले, जिस पर उन्हें भविष्य के लिए सचेत किया गया। वहीं घोरावल तहसील के तहसीलदार प्रवीण कुमार सिंह की कार्यप्रणाली असंतोषजनक पाए जाने पर कठोर चेतावनी जारी की गई।

राबर्ट्सगंज तहसील के उप जिलाधिकारी अश्विनी कुमार को भी जन शिकायतों के प्रति उदासीन रवैया अपनाने पर चेतावनी दी गई। मंडलायुक्त ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में केवल अधीनस्थ कर्मचारियों की रिपोर्ट पर निर्भर रहना स्वीकार्य नहीं है तथा प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण किया जाना चाहिए।

वहीं ओबरा (सोनभद्र), सदर (मिर्जापुर) और औराई (भदोही) तहसीलों में उप जिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों की उपस्थिति तथा कार्यप्रणाली प्रथम दृष्टया संतोषजनक पाई गई।

समीक्षा के बाद मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी प्रतिदिन सुबह 10 से 12 बजे तक अनिवार्य रूप से कार्यालय में उपस्थित रहकर जनसुनवाई करें। वरिष्ठ अधिकारी यह भी सुनिश्चित करें कि उनके अधीनस्थ अधिकारी एवं कर्मचारी भी निर्धारित समय में शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनें और उनका प्रभावी निस्तारण करें।

उन्होंने कहा कि आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण को केवल डेटा एंट्री ऑपरेटर या शिकायत लिपिकों के भरोसे नहीं छोड़ा जाना चाहिए। वरिष्ठ अधिकारी स्वयं शिकायतकर्ताओं से बातचीत कर निस्तारण की गुणवत्ता की जांच करें। साथ ही जिलाधिकारियों को अस्पतालों, विद्यालयों और अन्य सरकारी संस्थानों का औचक निरीक्षण कराने के निर्देश भी दिए गए।

मंडलायुक्त ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के साथ-साथ उसके वरिष्ठ अधिकारी को भी जिम्मेदार मानते हुए दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें