
मुख्य मार्ग से मांस-मछली की दुकानें हटाकर स्लॉटर हाउस परिसर में शिफ्ट करने की मांग
मिर्जापुर। नगर पालिका परिषद मिर्जापुर के वार्ड संख्या-26 पुरुषोत्तमपुरी के सभासद नीरज गुप्ता ने नगर के मुख्य मार्गों पर संचालित मांस-मछली की दुकानों को हटाकर नगर पालिका की खाली पड़ी स्लॉटर हाउस भूमि पर स्थानांतरित किए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने नगर प्रशासन को पत्र देकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
सभासद ने अपने पत्र में कहा है कि उनके वार्ड स्थित स्लॉटर हाउस की खाली भूमि पर दुकानें बनाकर मुख्य मार्ग पर संचालित मांस-मछली विक्रेताओं को आवंटित किया जा सकता है। उनका कहना है कि इससे मुख्य सड़क पर खुले में मांस-मछली की बिक्री बंद होगी और क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर हो सकेगी।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि संकट मोचन मंदिर के आसपास बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, जिन्हें मुख्य मार्ग पर मांस-मछली की दुकानों के कारण असुविधा होती है। इसके अलावा सड़क पर गंदगी, जाम और आवारा कुत्तों की समस्या भी बनी रहती है। सभासद का दावा है कि दुकानों को स्लॉटर हाउस परिसर में स्थानांतरित किए जाने से नगर पालिका की आय में भी वृद्धि होगी तथा मुख्य मार्ग पर साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।

सभासद नीरज गुप्ता ने प्रशासन से मांग की है कि पुरुषोत्तमपुरी वार्ड के कुरेश नगर स्थित स्लॉटर हाउस की भूमि पर दुकानें बनवाकर मांस-मछली विक्रेताओं को आवंटित किया जाए तथा मुख्य मार्गों पर मांस-मछली की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया जाए।















