
दुष्कर्म, दहेज हत्या व वारंटी मामलों में छह गिरफ्तार, 31 लोगों पर शांति भंग की कार्रवाई
मीरजापुर, 23 जून। मीरजापुर पुलिस ने मंगलवार को अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म के एक आरोपी, दहेज हत्या के एक आरोपी तथा चार वारंटियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 31 व्यक्तियों के खिलाफ बीएनएसएस की धाराओं में चालान किया गया।
कोतवाली देहात पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में आरोपी दिलीप गौतम को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार युवती की तहरीर पर 24 मई को मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया।
वहीं लालगंज पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में नामजद आरोपी पवन पाण्डेय को गिरफ्तार किया। मृतका की मां की तहरीर पर छह जून को मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित किया गया और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
अभियान के तहत कोतवाली देहात, लालगंज, जिगना और मड़िहान पुलिस ने एक-एक वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया। इसके अलावा जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न थानों की पुलिस ने 31 व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा
170/126/135 के तहत कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने अपराधियों के विरुद्ध अभियान को लगातार जारी रखने के निर्देश दिए हैं।















