
मीरजापुर में आधी रात सड़कों पर उतरीं एसपी अपर्णा रजत कौशिक, चप्पे-चप्पे पर सघन चेकिंग
मीरजापुर में एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने रात में चलाया सघन चेकिंग अभियान
संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच, गो-तस्करी व मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के निर्देश
मीरजापुर, 29 अक्टूबर। पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश के आदेश एवं अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन के निर्देशों के अनुपालन में पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने 28/29 अक्टूबर की रात पर्याप्त पुलिस बल के साथ सघन चेकिंग अभियान चलाया। उन्होंने कोतवाली कटरा, कोतवाली शहर और चिल्ह थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान प्रमुख चौराहों और मार्गों पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहन जांच की गई। एसपी ने संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को गो-तस्करी, अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी समेत अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
इसी क्रम में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों ने अपने-अपने सर्किल तथा थाना प्रभारियों ने संबंधित थाना क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ चेकिंग अभियान चलाया। प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर बैरियर लगाकर वाहनों की जांच की गई।
पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के साथ चेकिंग के दौरान आमजन की सुरक्षा और सुविधा का ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही लोगों के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।















