माँ विंध्यवासिनी मेडिकल कॉलेज का पहला बैच बना मिसाल, 98 प्रतिशत रहा परिणाम

एमबीबीएस प्रथम बैच का 98 प्रतिशत रहा परीक्षा परिणाम, विद्यार्थियों में खुशी

मीरजापुर। माँ विंध्यवासिनी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के एमबीबीएस पाठ्यक्रम के प्रथम बैच (2021) का अंतिम परीक्षा परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिया गया। घोषित परिणाम में 98 प्रतिशत छात्र-छात्राओं ने सफलता प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया।

परिणाम घोषित होने के बाद महाविद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। सफल विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को बधाई दी तथा महाविद्यालय प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। महाविद्यालय के प्राचार्य ने उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में संवेदनशीलता, कर्तव्यनिष्ठा और मरीजों के प्रति समर्पण की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने प्राचार्य से मुलाकात कर मिठाई खिलाकर अपनी खुशी साझा की। प्राचार्य ने कहा कि यह उपलब्धि न केवल महाविद्यालय बल्कि पूरे जनपद के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नवोदित चिकित्सक भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार सफल छात्र-छात्राएं 1 जुलाई 2026 से महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय में एक वर्ष की अनिवार्य इंटर्नशिप शुरू करेंगे, जिसके दौरान उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इससे उन्हें चिकित्सा क्षेत्र की चुनौतियों और मरीजों की देखभाल से जुड़े अनुभव प्राप्त होंगे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें