
जुलाई से शुरू होगा संभव अभियान 6.0, कुपोषण रोकथाम पर रहेगा विशेष फोकस
विकास भवन में हुआ प्रशिक्षण कार्यक्रम, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व मुख्य सेविकाओं को दिए गए दिशा-निर्देश
मीरजापुर, 25 जून 2026। शासन के निर्देश पर विकास भवन सभागार में संभव अभियान 6.0 के अभिमुखीकरण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी, मुख्य सेविकाएं तथा लगभग 100 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां शामिल हुईं।
प्रशिक्षण में बताया गया कि संभव अभियान 6.0 का संचालन जुलाई से सितंबर 2026 तक किया जाएगा। इस वर्ष अभियान की मुख्य थीम “गर्भावस्था से बाल्यावस्था तक पोषण सुरक्षा” निर्धारित की गई है। अभियान के तहत गंभीर कुपोषण (सैम) एवं मध्यम कुपोषण (मैम) की रोकथाम और प्रबंधन पर विशेष बल दिया जाएगा।
अभियान का संचालन बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा पंचायती राज विभाग के संयुक्त प्रयासों से किया जाएगा। प्रशिक्षण का संचालन मुख्य प्रशिक्षणकर्ता एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी राधेश्याम पाल ने किया।
नवागत जिला कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि अभियान की सफलता में मुख्य सेविकाओं और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी कर्मियों से पूरे मनोयोग के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया, ताकि जनपद की बेहतर छवि प्रदेश स्तर पर स्थापित हो सके।
कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी रामनिवास सिंह, स्मृत कुमार सिंह, दिलीप वर्मा, मीना गुप्ता, रेनू पाण्डेय सहित मुख्य सेविकाएं एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं।















