
नाबालिग अपहरण, दुष्कर्म और गैर इरादतन हत्या के तीन आरोपी गिरफ्तार, 281 लोगों का शांति भंग में चालान
मीरजापुर। जनपद पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने तथा गैर इरादतन हत्या के मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं अवैध शराब के साथ एक आरोपी को पकड़ा गया तथा दो वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 281 लोगों का चालान किया गया।
पड़री थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में आरोपी अमन कुमार मौर्या निवासी सेमरा आराजी थाना लालगंज को गिरफ्तार किया। पुलिस ने अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध दर्ज मुकदमे में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
इसी क्रम में कोतवाली देहात पुलिस ने युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और मारपीट करने के मामले में आरोपी दिलीप गौतम निवासी भुजवा की चौकी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया।
जमालपुर थाना पुलिस ने ट्रैक्टर की लापरवाहीपूर्ण ड्राइविंग से हुई मौत के मामले में आरोपी बब्लू निवासी भुइली थाना अदलहाट को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज था।
संतनगर थाना पुलिस ने अभियान के दौरान अशोक कोल निवासी गेरूआही को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 23 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब बरामद की। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई।
वहीं मड़िहान थाना पुलिस ने दो वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धाराओं के तहत कुल 281 व्यक्तियों का चालान भी किया गया।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपराधियों, वांछित अभियुक्तों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।















