
मीरजापुर में गैंगस्टर समेत तीन अभियुक्त गिरफ्तार, 31 लोगों पर शांति भंग की कार्रवाई
मीरजापुर। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिले की अलग-अलग थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट, दुष्कर्म और नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के मामलों में वांछित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। वहीं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बीएनएसएस की धाराओं के तहत 31 लोगों का चालान भी किया गया।
थाना अदलहाट पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित महबूब आलम निवासी दौलतपुर कछार, थाना कणाधाम, जनपद कौशाम्बी को उसके घर से गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध थाना अदलहाट में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय भेज दिया।
उधर थाना राजगढ़ पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में नामजद अभियुक्त रामजनम निवासी ग्राम सेमरी, थाना राजगढ़ को गिरफ्तार किया। युवती की तहरीर पर एक जुलाई को मुकदमा दर्ज किया गया था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
इसी क्रम में थाना लालगंज पुलिस ने नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में नामजद अभियुक्त विकास पटेल उर्फ नाटे निवासी ग्राम बेलाही, थाना लालगंज को राजापुर स्थित पटेल नगर सर्विस रोड के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया।
इसके अलावा जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत 31 व्यक्तियों का चालान किया। इनमें विन्ध्याचल से 8, पड़री से 6, लालगंज व हलिया से 2-2, जिगना से 1, सन्तनगर व चुनार से 3-3, अदलहाट से 2, मड़िहान से 1 तथा राजगढ़ से 3 व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई।















