
पटेल चौराहा–मेडिकल कॉलेज मार्ग चौड़ीकरण कार्य के चलते रविवार को छह घंटे बिजली आपूर्ति रहेगी बाधित
मीरजापुर। लोक निर्माण विभाग द्वारा पटेल चौराहा से मेडिकल कॉलेज तक कराए जा रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान बाधक पेड़ों की कटाई एवं लाइन निर्माण कार्य के चलते 5 जुलाई 2026 (रविवार) को शहर के कोर्ट फीडर क्षेत्र में छह घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड मीरजापुर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार सुरक्षा की दृष्टि से 33 केवी कोर्ट पोषक से जुड़ी विद्युत आपूर्ति सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बंद रहेगी। इससे कोर्ट परिसर एवं उससे जुड़े आसपास के क्षेत्रों के उपभोक्ता प्रभावित होंगे।

विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि निर्धारित अवधि से पहले पानी सहित अन्य आवश्यक कार्य निपटा लें तथा विभाग के कार्य में सहयोग करें, ताकि चौड़ीकरण एवं विद्युत लाइन निर्माण का कार्य सुरक्षित और समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जा सके।















