
बीसीएमई फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का समापन, चिकित्सा शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण तकनीकों का दिया गया प्रशिक्षण
मीरजापुर। माँ विंध्यवासिनी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में तीन दिवसीय बेसिक कोर्स इन मेडिकल एजुकेशन (बीसीएमई) फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का सफल समापन हुआ। मेडिकल एजुकेशन यूनिट (एमईयू) के तत्वावधान में 2 से 4 जुलाई तक आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य चिकित्सा शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, क्षमता-आधारित चिकित्सा शिक्षा (सीबीएमई) तथा प्रभावी मूल्यांकन तकनीकों से दक्ष बनाना रहा।
“Empowering Educators: Enhancing Learning, Transforming Healthcare” विषय पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभागियों को छात्र-केंद्रित शिक्षण, वयस्क अधिगम सिद्धांत, शिक्षण-अधिगम विधियों, पाठ्यक्रम विकास, मूल्यांकन, फीडबैक, AETCOM तथा छोटे एवं बड़े समूहों में प्रभावी शिक्षण की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुतियों, समूह चर्चा और व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को सक्रिय रूप से प्रशिक्षित किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रशिक्षण प्रदान किया गया। विभिन्न विभागों के 30 चिकित्सा शिक्षकों ने इसमें भाग लिया। समापन अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) संजीव कुमार सिंह ने चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार, छात्रों को सक्षम एवं संवेदनशील चिकित्सक बनाने तथा फैकल्टी विकास कार्यक्रमों की उपयोगिता पर जोर दिया। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए मेडिकल एजुकेशन यूनिट के संयोजक प्रो. (डॉ.) विपिन कुमार तथा सभी प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों को बधाई दी।















