
मिर्जापुर में पहली बार शुरू हुई PRP थेरेपी, अब बालों के झड़ने का आधुनिक इलाज जिले में ही उपलब्ध
मिर्जापुर में पहली बार शुरू हुई PRP थेरेपी, अब बालों के झड़ने का आधुनिक इलाज जिले में ही उपलब्ध
मिर्जापुर। मां विंध्यवासिनी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, मिर्जापुर के त्वचा एवं यौन रोग विभाग ने बालों की वृद्धि (हेयर ग्रोथ) के लिए पहली बार प्लेटलेट रिच प्लाज्मा (PRP) थेरेपी सफलतापूर्वक संपन्न कर एक नई उपलब्धि हासिल की है। इसके साथ ही अब मिर्जापुर और आसपास के जिलों के मरीजों को आधुनिक हेयर रिस्टोरेशन उपचार के लिए बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
त्वचा एवं यौन रोग विभागाध्यक्ष डॉ. प्रणव सत्यराज के नेतृत्व में यह प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की गई। उन्होंने बताया कि पीआरपी थेरेपी एक आधुनिक और न्यूनतम हस्तक्षेप वाली तकनीक है, जिसमें मरीज के रक्त से प्लेटलेट्स युक्त प्लाज्मा तैयार कर उसे सिर की त्वचा (स्कैल्प) में इंजेक्ट किया जाता है। प्लेटलेट्स में मौजूद ग्रोथ फैक्टर्स हेयर फॉलिकल्स को सक्रिय कर बालों का झड़ना कम करने और नए बालों की वृद्धि को प्रोत्साहित करने में मदद करते हैं।
उन्होंने बताया कि यह उपचार चिकित्सकीय परीक्षण और विशेषज्ञ परामर्श के बाद चयनित मरीजों को ही दिया जाता है। बेहतर परिणामों के लिए कई मामलों में एक से अधिक सत्रों की आवश्यकता पड़ सकती है तथा जरूरत के अनुसार अन्य उपचारों के साथ भी इसे किया जाता है।
सीएमएस डॉ. सचिन किशोर ने कहा कि इस सुविधा के शुरू होने से अब मिर्जापुर समेत आसपास के जनपदों के मरीजों को आधुनिक पीआरपी थेरेपी के लिए महानगरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा।
महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. संजीव कुमार सिंह ने इसे संस्थान की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह कदम आमजन तक आधुनिक, वैज्ञानिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि त्वचा एवं यौन रोग विभाग भविष्य में भी त्वचा और बालों से संबंधित अत्याधुनिक उपचार पद्धतियों को संस्थान में उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा, ताकि मरीजों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।














