बरियाघाट से शिवद्वार तक कांवड़ मार्ग का डीएम और एसपी ने लिया जायजा

श्रावण कांवड़ यात्रा की तैयारियों का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा और सुविधाओं के दिए सख्त निर्देश

मड़िहान से घोरावल शिवद्वार मार्ग का जायजा, बारिश में वैकल्पिक मार्ग और पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

मीरजापुर, 23 जुलाई। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने गुरुवार को अधिकारियों के साथ मड़िहान से कलवारी होते हुए घोरावल शिवद्वार मंदिर तक जाने वाले कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने सड़क की स्थिति का जायजा लिया और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक मरम्मत कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। रास्ते में नहर पर बने पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग लगाने का भी निर्देश दिया गया।

इसके बाद अधिकारियों ने मीरजापुर-सोनभद्र सीमा पर धुरकर गांव स्थित बकहर नदी के पुल का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि यदि भारी बारिश के कारण पुल या रपटा पर पानी भर जाए तो कांवड़ यात्रियों के रुकने के लिए सुरक्षित स्थान, प्रकाश, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। यदि लंबे समय तक पानी न उतरे तो बकसरा गांव के रास्ते वैकल्पिक मार्ग से श्रद्धालुओं को सुरक्षित भेजने की व्यवस्था की जाए।

डीएम और एसपी ने बकसरा गांव से होकर घोरावल मार्ग तक पैदल निरीक्षण भी किया और संबंधित विभाग को रास्ता दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन के लिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं तथा किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जाए।

पुलिस अधीक्षक ने संबंधित क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि पूरे कांवड़ मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। जहां भी मार्ग परिवर्तन हो, वहां स्पष्ट साइनेज बोर्ड लगाए जाएं। कांवड़ शिविरों पर पार्किंग, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

गौरतलब है कि मीरजापुर के बरियाघाट से गंगाजल लेकर बड़ी संख्या में कांवड़िए घोरावल स्थित शिवद्वार मंदिर में जलाभिषेक करने जाते हैं। इसी मार्ग की तैयारियों का प्रशासन ने व्यापक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी मड़िहान संतोष कुमार ओझा, विद्युत विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, खंड विकास अधिकारी पटेहरा व राजगढ़ सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें