
मीरजापुर: किन्नर हसीना हत्याकांड का खुलासा, प्रेम संबंध से पीछा छुड़ाने के लिए की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
मीरजापुर। पड़री थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास मिले किन्नर हसीना (सत्तार खान) के शव के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में भदोही निवासी 25 वर्षीय सोनू विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त ऑटो भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को भदोही के औराई थाना क्षेत्र के घोसिया निवासी अरशलान ने अपने पिता सत्तार खान उर्फ हसीना की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक के किनारे फेंके जाने की आशंका जताते हुए तहरीर दी थी। इस पर पड़री थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर गठित टीम ने एसओजी और सर्विलांस की मदद से इलेक्ट्रॉनिक एवं भौतिक साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर आरोपी सोनू विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने किया सनसनीखेज खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सत्तार खान उर्फ हसीना के साथ रह रहा था, लेकिन अब उससे अलग होना चाहता था। उसका आरोप है कि मृतक उसे छोड़ने के लिए तैयार नहीं था और ब्लैकमेल कर रहा था। इससे परेशान होकर उसने रामनगर बुलाकर पहले शराब पिलाई, फिर नशे की हालत में मारपीट कर गला दबाकर हत्या कर दी।
आरोपी ने शव को ऑटो में लादकर पड़री थाना क्षेत्र के सुनसान इलाके में रेलवे ट्रैक के पास ले जाकर सीमेंट की बाउंड्री के पीछे छिपा दिया। शक से बचने के लिए उसने शव के गले पर भारी पत्थर भी रख दिया, ताकि लोगों को लगे कि पत्थर गिरने से मौत हुई है।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ऑटो (UP65QT2228) भी बरामद कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया गया है।















