नहर विभाग गबन कांड: दो और आरोपी गिरफ्तार, घर से 4.43 लाख रुपये बरामद

### सरकारी धन गबन मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन, दो और आरोपी गिरफ्तार

### फर्जी दस्तावेज और डिजिटल सिग्नेचर के जरिए सरकारी रकम रिश्तेदारों के खातों में भेजने का आरोप, पहले चार आरोपी जा चुके हैं जेल

मीरजापुर। मीरजापुर नहर विभाग में फर्जी दस्तावेज तैयार कर सरकारी धनराशि का गबन करने के मामले में कोतवाली शहर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया। इस मामले में अब तक कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को मीरजापुर नहर के अधिशासी अभियंता प्रमोद कुमार ने कोतवाली शहर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि विभाग के कुछ अज्ञात कर्मचारियों के साथ मिलकर फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार किए गए। डिजिटल सिग्नेचर (डोंगल) का दुरुपयोग कर अस्तित्वहीन कर्मचारियों के नाम पर उनके परिचितों और रिश्तेदारों के बैंक खातों में सरकारी धनराशि का भुगतान कराया गया। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित कराई थी। स्वाट, सर्विलांस और कोतवाली शहर पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी में लगाई गई थीं। इससे पहले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

इसी क्रम में रविवार को थानाध्यक्ष दयाशंकर ओझा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रमईपट्टी स्थित सुलभ कॉम्प्लेक्स के पास से जितेंद्र कुमार निवासी छोटा सखौरा, हाल पता घुरहूपट्टी, मीरजापुर तथा अखिलेश कुमार निवासी सतौहां, थाना घोरावल, सोनभद्र को गिरफ्तार किया।

छापेमारी में नकदी, प्रिंटर और मोबाइल बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक ट्रॉली बैग बरामद किया, जिसमें लाभार्थियों की हस्तलिखित सूचियां, लेनदेन का विवरण, कार्बन पेपर, मुहरें, आधार कार्ड, सिम सहित कई दस्तावेज मिले। इसके अलावा जितेंद्र कुमार की निशानदेही पर उसके घर से एक एचपी प्रिंटर, तीन पेनड्राइव, दो स्मार्ट मोबाइल फोन और 4 लाख 43 हजार 200 रुपये नकद बरामद किए गए।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने, उनका इस्तेमाल करने, आपराधिक विश्वासघात और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें