बजाज स्कूल में बच्चों ने गतिविधियों के जरिए सीखा गणित, कनाडा से आए विशेषज्ञ ने दी प्रशिक्षण

बजाज स्कूल में बच्चों ने गतिविधियों के जरिए सीखा गणित, कनाडा से आए विशेषज्ञ ने दी प्रशिक्षण

आइसक्रीम स्टिक, पासे, बटन और सब्जियों के माध्यम से समझाई गणितीय अवधारणाएं

मीरजापुर। बजाज स्कूल में बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक और अनुभवात्मक शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से विशेष कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत कनाडा से आए गणित विशेषज्ञ दिनेश रस्तोगी एक सप्ताह तक विद्यालय के बच्चों और शिक्षकों के साथ विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों में सहभागिता करेंगे।

कार्यशाला के दौरान दिनेश रस्तोगी ने यूकेजी से कक्षा दो तक के बच्चों को रोचक गतिविधियों के माध्यम से गणित की बारीकियां समझाईं। उन्होंने आइसक्रीम स्टिक, पासे, बटन, धागे और सब्जियों जैसी दैनिक जीवन में इस्तेमाल होने वाली वस्तुओं के माध्यम से बच्चों को गणितीय अवधारणाओं का व्यावहारिक ज्ञान दिया। मानसिक गणित के रोचक सवालों और वास्तविक जीवन के उदाहरणों से बच्चों को यह समझाया गया कि गणित केवल किताबों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि हमारे आसपास की प्रत्येक गतिविधि में इसका उपयोग होता है।

इससे पूर्व विशेषज्ञ ने विद्यालय के ईसी एवं एकेडमी के बच्चों और शिक्षकों के साथ भी कार्य किया। बच्चों के साथ गतिविधियों के बाद शिक्षकों के लिए भी प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और उन्हें कक्षा में प्रभावी ढंग से लागू करने के तरीकों पर चर्चा की गई।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार शिक्षा को अधिक रोचक, संवादात्मक और व्यावहारिक बनाना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। दिनेश रस्तोगी अगले दो दिनों तक भी विद्यालय में बच्चों और शिक्षकों के साथ विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता करेंगे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें