
### एक जनवरी 2027 को 18 साल पूरे करने वाले युवा बन सकेंगे मतदाता, 16 दिसंबर तक करें आवेदन
मीरजापुर। जिले में मतदाता सूची को अद्यतन करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा मतदाता बनने के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 16 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पुनरीक्षण अभियान के दौरान ऐसे पात्र नागरिक भी मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं, जिनका नाम किन्हीं कारणों से अब तक सूची में शामिल नहीं हो सका है। इसके अलावा एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी इस अवधि में अग्रिम आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम या अन्य प्रविष्टियों में संशोधन, एक बूथ से दूसरे बूथ अथवा एक विधानसभा क्षेत्र से दूसरे विधानसभा क्षेत्र में नाम स्थानांतरित कराने के लिए फार्म-8 भरा जा सकता है। वहीं, नए मतदाता के पंजीकरण के लिए फार्म-6 और नाम हटाने के लिए फार्म-7 की व्यवस्था है। बीएलओ एवं पदाभिहित अधिकारियों के पास मतदाता सूची के साथ पर्याप्त संख्या में आवेदन फार्म उपलब्ध हैं।
आवेदन की प्रक्रिया 17 नवंबर से शुरू होकर 16 दिसंबर 2026 तक चलेगी। पात्र नागरिक भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in अथवा ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
निर्वाचन संबंधी किसी समस्या अथवा आवेदन में कठिनाई होने पर जिला मुख्यालय स्थित डिस्ट्रिक्ट कांटेक्ट सेंटर (कंट्रोल रूम) के नंबर 05442-253201 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा टोल फ्री नंबर 1950 और 18001801950 पर जनपद के एसटीडी कोड 05442 के साथ कॉल कर जानकारी एवं सहायता प्राप्त की जा सकती है।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने मतदेय स्थल पर जाकर स्वयं और परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में अवश्य जांच लें। जिन पात्र लोगों का नाम सूची में दर्ज नहीं है, वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराएं।















