बरियाघाट का विजयादशमी मेला 20 अक्टूबर को, सोमनाथ मंदिर से द्वादश ज्योतिर्लिंग तक दिखेंगी भव्य झांकियां

बरियाघाट का विजयादशमी मेला 20 अक्टूबर को, सोमनाथ मंदिर से द्वादश ज्योतिर्लिंग तक दिखेंगी भव्य झांकियां

कुचीपुड़ी नृत्य, अदलपुरा शीतला माता और नारी शक्ति की झांकियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र, 10 से 15 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना

मीरजापुर। पूर्वांचल के प्रसिद्ध बरियाघाट विजयादशमी मेले का आयोजन 20 अक्टूबर 2026, मंगलवार को किया जाएगा। मेले को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए श्री रामलीला कमेटी बरियाघाट की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस बार मेले में सोमनाथ मंदिर, भैरव गुफा एवं माता का दरबार, द्वादश ज्योतिर्लिंग, अदलपुरा की शीतला माता और नारी शक्ति सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इसके साथ ही दर्शनार्थी कुचीपुड़ी नृत्य का भी आनंद उठा सकेंगे।

गुरुवार, 16 अक्टूबर को आयोजित पत्रकार वार्ता में कमेटी की अध्यक्ष रीतु केशरी ने मेले की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में विजयादशमी मेले में आठ से दस लाख तक श्रद्धालु पहुंचते रहे हैं। इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या 10 से 15 लाख तक पहुंचने की संभावना है। उन्होंने कहा कि यह मेला धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक जागरूकता और भारतीय संस्कृति का अनूठा संगम है।

धार्मिक और सांस्कृतिक झांकियां होंगी खास

मेले में सोमनाथ मंदिर, भैरव गुफा एवं माता का दरबार, द्वादश ज्योतिर्लिंग, अदलपुरा की शीतला माता, दक्षिणेश्वर काली माता, श्री सुग्रीव दरबार, अशोक वाटिका, रावण दरबार, बन बिहार एवं हरियाली, बजरंग बली द्वार, जय गणेश देवा, मीराबाई की भक्ति, बांके बिहारी और श्री राम दरबार की झांकियां सजाई जाएंगी। रामटेक मंदिर पर श्री राम दरबार तथा पंचमुखी महादेव मंदिर की विशेष सजावट भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।

नारी शक्ति की झांकी में अहिल्याबाई होलकर सहित विभिन्न मातृशक्तियों के योगदान को दर्शाया जाएगा। धार्मिक झांकियों के साथ कुचीपुड़ी नृत्य की प्रस्तुति मेले की सांस्कृतिक छटा को और भव्य बनाएगी।

कमेटी के संरक्षक एवं वरिष्ठ पत्रकार अमरेश मिश्र ने कहा कि इस बार मेले में राष्ट्रभक्ति, धर्मशक्ति, सामाजिक जागरूकता और भारतीय संस्कृति से ओतप्रोत झांकियों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

पंचमुखी महादेव मंदिर की होगी भव्य सजावट

कमेटी के महामंत्री संतोष कुमार गुप्ता ने बताया कि विजयादशमी के अवसर पर पंचमुखी महादेव मंदिर को दिव्य और भव्य रूप से सजाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेले की झांकियों को देखने के लिए मीरजापुर के अलावा सोनभद्र, भदोही, प्रयागराज सहित मध्य प्रदेश से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

कोषाध्यक्ष रवींद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि मेले को लेकर बल्ली, विद्युत, साउंड और शार्पी लाइट से संबंधित कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। कमेटी की ओर से व्यापारिक प्रतिष्ठानों को प्रचार-प्रसार का अवसर भी दिया जा रहा है। इच्छुक प्रायोजक माइक प्रचार, आकर्षक झांकियों, स्टॉल और स्वागत द्वार के माध्यम से मेले में अपनी सहभागिता कर सकते हैं।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें