
मीरजापुर में 25 लाख की हेरोइन के साथ दो गिरफ्तार, बाइक और मोबाइल बरामद
एसओजी और जिगना पुलिस की संयुक्त टीम को मिली सफलता, एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
मीरजापुर। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी और जिगना थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, उनके कब्जे से 138.40 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत 25 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में 17 अक्टूबर को यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एसओजी और जिगना थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने थाना क्षेत्र के पाली बॉर्डर के पास मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शनि कुमार (22) निवासी बनरहिया बारी, बरकछा तथा सुभाष कुमार (35) निवासी मन्धातापुर, बरकछा कलां, थाना कोतवाली देहात, मीरजापुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना जिगना में मुकदमा संख्या 252/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में मामला दर्ज किया है। बरामद मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज करने की कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायालय भेज दिया।
कार्रवाई करने वाली टीम में जिगना थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अवधेश सिंह, उपनिरीक्षक जय जय राम तथा एसओजी प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह अपनी-अपनी टीमों के साथ शामिल रहे।















