कन्या सुमंगला योजना में 25 हजार और बाल सेवा योजना में 2500 रुपये प्रतिमाह की जानकारी

कन्या सुमंगला योजना में 25 हजार और बाल सेवा योजना में 2500 रुपये प्रतिमाह की जानकारी

रतनगंज विद्यालय में शिक्षा के अधिकार पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

मीरजापुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव के निर्देश पर शनिवार को बेसिक शिक्षा एवं महिला कल्याण विभाग के समन्वय से कंपोजिट विद्यालय रतनगंज में ‘शिक्षा के अधिकार’ विषय पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं आमजन को शिक्षा के अधिकार तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

महिला कल्याण विभाग की डॉ. मंजू यादव ने उपस्थित बच्चों एवं अभिभावकों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए संचालित मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने योजना के विभिन्न चरणों में मिलने वाली आर्थिक सहायता के बारे में बताया। साथ ही मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत माता-पिता अथवा किसी एक अभिभावक की मृत्यु होने पर पात्र बच्चों को मिलने वाली सहायता राशि की जानकारी भी साझा की।

कार्यक्रम में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, निराश्रित महिला पेंशन योजना, वन स्टॉप सेंटर, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, शक्ति सदन, दत्तक ग्रहण इकाई, महिला सशक्तिकरण हब, सामूहिक विवाह योजना, विवाह अनुदान योजना एवं निःशुल्क कानूनी सहायता समेत विभिन्न महिला एवं बालिका कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया गया।

जिला समन्वयक (सामुदायिक शिक्षा) अरविंद कुमार गौतम ने शिक्षा के अधिकार अधिनियम पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा प्राप्त करने का अधिकार है तथा सरकार बच्चों की पढ़ाई को निरंतर बनाए रखने के लिए अनेक निःशुल्क सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। विद्यालय के शिक्षकों ने भी शिक्षा के अधिकार विषय पर अपने विचार व्यक्त किए।

महिला सशक्तिकरण हब की दिव्या जायसवाल ने विभिन्न योजनाओं से संबंधित स्टिकर, पंपलेट एवं बुकलेट वितरित कर लोगों को जागरूक किया। इस दौरान किशोरियों एवं महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए सेनेटरी पैड का भी वितरण किया गया।

कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापक प्रशांत कुमार सिंह ने अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने का आह्वान किया तथा कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, अभिभावकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, महिला सशक्तिकरण हब के कर्मियों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की उपस्थिति रही।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें