विश्व किडनी कैंसर दिवस पर एपेक्स ट्रस्ट संस्थानों में जागरूकता सत्र का आयोजन

*विश्व किडनी कैंसर दिवस पर एपेक्स ट्रस्ट संस्थानों में जागरूकता सत्र का आयोजन*

चुनार, मिर्जापुर। विश्व किडनी कैंसर दिवस 2026 के अवसर पर एपेक्स वेलकेयर ट्रस्ट द्वारा संचालित एपेक्स ट्रस्ट हॉस्पिटल एंड डायग्नोस्टिक एवं शिक्षण संस्थानों आयुर्वेद, फार्मेसी, ट्रस्ट नर्सिंग एवं एलाइड हेल्थ पैरामेडिकल, चुनार में एपेक्स के चेयरमैन प्रो. डॉ. एस. के. सिंह की संरक्षता में इस वर्ष की थीम “किडनी कैंसर एवं भावनात्मक स्वास्थ्य” विषय पर जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किडनी कैंसर के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा रोगियों के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उनके मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य के महत्व को रेखांकित करना था।
सत्र की मुख्य वक्ता डॉ. अंजलि गौतम, असिस्टेंट प्रोफेसर, कायचिकित्सा विभाग ने किडनी कैंसर के प्रारंभिक लक्षणों, संभावित जोखिम कारकों, बचाव के उपायों, समय पर जांच तथा उपलब्ध उपचार विकल्पों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक अवस्था में रोग की पहचान होने पर उपचार की सफलता की संभावना काफी बढ़ जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि किडनी कैंसर से जूझ रहे रोगियों को केवल चिकित्सकीय उपचार ही नहीं, बल्कि परिवार और समाज से भावनात्मक सहयोग एवं सकारात्मक वातावरण भी मिलना चाहिए, जिससे उनका आत्मविश्वास बना रहे और उपचार अधिक प्रभावी हो सके।
इस अवसर पर एपेक्स के डीन प्रो. डॉ. सुनील मिस्त्री, आयुर्वेद उप-प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. पी. के. राय सहित संस्थान के वरिष्ठ शिक्षकों एवं संकाय सदस्यों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा कैंसर के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का सफल समन्वयन डॉ. दीपेन्दु साहू, डॉ. साहिल जॉर्ज लाल एवं डॉ. ओम हर्ष याति ने किया। हाइब्रिड माध्यम से आयोजित इस जागरूकता सत्र में शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा किडनी कैंसर की रोकथाम, समय पर निदान एवं मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी प्राप्त की।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें