
बरिया घाट पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने संभाली झाड़ू, स्वच्छता का दिया संदेश
बरिया घाट पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने संभाली झाड़ू, स्वच्छता का दिया संदेश
मीरजापुर, 20 जून। स्वच्छ भारत अभियान के तहत शनिवार सुबह बरिया घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार तथा नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी ने स्वयं झाड़ू लगाकर घाट की सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
सुबह करीब 6:30 बजे शुरू हुए अभियान में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, नगरपालिका कर्मियों तथा स्थानीय लोगों ने भाग लिया। जिलाधिकारी ने घाट पर फैले प्लास्टिक, पूजा सामग्री और अन्य कचरे को हटाने में स्वयं हिस्सा लिया। विधायक रत्नाकर मिश्र और नगरपालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी ने भी घाट की सीढ़ियों तथा गंगा तट पर जमा कचरे को साफ कराया। लगभग दो घंटे तक चले अभियान में घाट क्षेत्र को स्वच्छ बनाया गया।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने नगरपालिका अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि घाटों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, पर्याप्त संख्या में डस्टबिन लगाए जाएं तथा पूजा सामग्री के विसर्जन के लिए अलग कंटेनर की व्यवस्था की जाए।
विधायक रत्नाकर मिश्र ने कहा कि घाट मीरजापुर की आस्था और पहचान का प्रतीक हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि कचरा केवल डस्टबिन में डालें और स्वच्छता को अपनी आदत बनाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह एक घाट को मॉडल घाट के रूप में विकसित किया जाएगा।
नगरपालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी ने कहा कि घाटों पर प्रतिदिन सफाई अभियान चलाया जाएगा तथा गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना भी लगाया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए मीरजापुर को स्वच्छता के क्षेत्र में अग्रणी बनाने का संकल्प दोहराया।
अभियान में नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, जिला सूचना अधिकारी ओम प्रकाश उपाध्याय, अधिशासी अधिकारी जी. लाल, सफाई निरीक्षक, गंगा सेवक दल, तटबंध सफाई मित्र तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।















