
मीरजापुर पुलिस लाइन में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास, पर्यटन महानिदेशक रहे मुख्य अतिथि
मीरजापुर, 21 जून 2026
12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक विंध्याचल परिक्षेत्र पूनम तथा पुलिस अधीक्षक मीरजापुर अपर्णा रजत कौशिक ने अधिकारी एवं कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के महानिदेशक डॉ. वेदपति मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में पुलिस उपमहानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक ने मुख्य अतिथि डॉ. वेदपति मिश्रा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद योग गुरु ज्वाला जी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया।
योग गुरु ने सभी को “करो योग, रहो निरोग” का संदेश देते हुए नियमित योगाभ्यास अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि योग शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम के समापन पर पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा मुख्य अतिथि डॉ. वेदपति मिश्रा तथा पुलिस अधीक्षक द्वारा योग गुरु ज्वाला जी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर, समस्त क्षेत्राधिकारीगण, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस लाइन एवं पुलिस कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।















