
चोरी की अपाचे बाइक बेचने निकले थे दो शातिर वाहन चोर, पुलिस ने दबोचा
मीरजापुर। विंध्याचल थाना पुलिस ने चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल के साथ दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से बिना नंबर प्लेट की चोरी की अपाचे बाइक बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने बाइक वाराणसी से चोरी करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त की रात मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल लेकर देवरहवा बाबा आश्रम की तरफ से आ रहे हैं। सूचना पर विंध्याचल पुलिस ने घमहापुर के पास घेराबंदी कर बाइक सवार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजबाबू वर्मा (22) निवासी सबरी हरिजन बस्ती, थाना कोतवाली कटरा और परवेज (22) निवासी इमामबाड़ा, थाना कोतवाली कटरा, मीरजापुर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद अपाचे मोटरसाइकिल वाराणसी से चोरी की गई थी और वे उसे बेचने के लिए ले जा रहे थे। मामले में थाना विंध्याचल में मु0अ0सं0 246/2026, धारा 317(2), 317(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। राजबाबू वर्मा के खिलाफ चोरी, एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में 7 मुकदमे दर्ज होने का उल्लेख है, जबकि परवेज के खिलाफ चोरी, गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न मामलों में 11 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुशील कुमार त्रिपाठी, विजय शंकर तिवारी, संतोष उपाध्याय, गणेश पाण्डेय तथा आरक्षी हेमन्त लाल और प्रदीप राजपूत शामिल रहे।













