तालाब में मिले 31 पासपोर्ट मामले का खुलासा, विदेश भेजने का झांसा देने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

तालाब में मिले 31 पासपोर्ट मामले का खुलासा, विदेश भेजने का झांसा देने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

29 लोगों के पासपोर्ट वर्षों तक अपने पास रखे, अवधि समाप्त होने पर तालाब किनारे फेंक दिए; पुलिस ने एक दिन में किया खुलासा

मीरजापुर, 7 जुलाई 2026।
कछवां थाना क्षेत्र के अनंतपुर (तुलापुर) स्थित मोडिलहवा तालाब के किनारे लावारिस हालत में मिले 31 पासपोर्ट के मामले का मीरजापुर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी विदेश में नौकरी दिलाने, वीजा बनवाने और पासपोर्ट नवीनीकरण के नाम पर लोगों से पासपोर्ट लेकर वर्षों तक अपने पास रखते थे। अधिकांश पासपोर्ट की वैधता समाप्त होने के बाद उन्हें एक पोटली में बांधकर तालाब किनारे फेंक दिया गया था।

पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई को तालाब के किनारे पानी में भीगी हुई एक संदिग्ध पोटली मिलने की सूचना पर कछवां पुलिस मौके पर पहुंची। पोटली खोलने पर उसमें विभिन्न व्यक्तियों के कुल 31 पासपोर्ट मिले, जिन्हें कब्जे में लेकर जांच शुरू की गई।

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में टीम गठित कर शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। विवेचना के दौरान भौतिक एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने ओमकार गुप्ता निवासी जलालपुर, थाना कछवां तथा खाजा यादव निवासी पसियाही, थाना कछवां को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने विभिन्न लोगों से पासपोर्ट नवीनीकरण, वीजा बनवाने तथा विदेश में अच्छी नौकरी दिलाने के नाम पर पासपोर्ट लिए थे। लंबे समय तक पासपोर्ट अपने पास रखने और अधिकांश की वैधता समाप्त हो जाने के बाद उन्होंने उन्हें वापस करने के बजाय पोटली में बांधकर मोडिलहवा तालाब के किनारे फेंक दिया।

पुलिस ने बताया कि बरामद 31 पासपोर्ट 29 अलग-अलग व्यक्तियों के नाम पर जारी किए गए थे। इस मामले में थाना कछवां पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 324, 319(2), 318(4) तथा पासपोर्ट अधिनियम, 1967 की धारा 12 के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा रहा है।

इस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक भरत सुमन, मुख्य आरक्षी अताउल्ला खां तथा आरक्षी विवेक सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें