
दो मामलों में नाबालिग को भगाने के आरोपी गिरफ्तार
चिल्ह थाना पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म के मामले में सूरज कुमार पुत्र राजाराम, निवासी नदिनी थाना विंध्याचल को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 137(2), 87, 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की गई है।
इसी तरह चुनार पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म के मामले में चंद्रभान यादव पुत्र नंदकिशोर यादव, निवासी रैनी पोस्ट सेहुवाडीह थाना बहरिया, प्रयागराज को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया।
चोरी के मामले में दो गिरफ्तार, नकदी और ताले बरामद
कोतवाली देहात पुलिस ने घर में चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों राहुल पुत्र गणेश निवासी भरूहना और दिनेश पुत्र लल्लू सोनकर निवासी शुक्लहा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से दो हजार रुपये नकद और चोरी से संबंधित तीन टूटे हुए ताले बरामद करने का दावा किया है।
पशु क्रूरता के मामले में वांछित गिरफ्तार
विंध्याचल पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के मामले में वांछित अभियुक्त अनुरुद्ध राज यादव पुत्र कृष्णराज यादव, निवासी डीह पोस्ट उमरी गोविंदपुर थाना सोहगी, रीवा मध्य प्रदेश को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसे न्यायालय भेज दिया।
इसके अलावा जनपद पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से सात वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहीं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के अभियान के तहत नौ व्यक्तियों का भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170/126/135 के तहत चालान किया गया।
पुलिस के अनुसार अपराधियों और वांछित अभियुक्तों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।















