मिर्जापुर जेल में बंद कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

जेल में बंद कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
मिर्जापुर। जिला कारागार में बंद एक कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान चिल्ह थाना क्षेत्र निवासी नन्हकू सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए पुलिस और जेल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।
जानकारी के अनुसार नन्हकू सिंह को करीब पांच दिन पूर्व एसओजी टीम ने मादक पदार्थ (हेरोइन) की बिक्री के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। बुधवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि जेल में तबीयत खराब होने के बावजूद समय पर उचित इलाज नहीं कराया गया। उनका कहना है कि चिकित्सक द्वारा भर्ती करने की सलाह दिए जाने के बाद भी जेलकर्मियों ने गंभीरता नहीं दिखाई और अस्पताल में भर्ती नहीं कराया, जिससे उनकी हालत बिगड़ती चली गई और अंततः मौत हो गई।
कैदी की मौत की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो उठे और उन्होंने जेल प्रशासन व पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजनों का कहना है कि यदि समय पर इलाज उपलब्ध कराया गया होता तो नन्हकू सिंह की जान बचाई जा सकती थी।
फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें