
234 गुम मोबाइल बरामद, मीरजापुर पुलिस ने लौटाई लोगों की मुस्कान
मीरजापुर। जनपद पुलिस ने गुम और खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुल 234 स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किया। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 32 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस लाइन स्थित मां विंध्यवासिनी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक मीरजापुर अपर्णा रजत कौशिक ने मोबाइल स्वामियों को उनके फोन सौंपे। अपने खोए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और सभी ने एक स्वर में “थैंक यू मिर्जापुर पुलिस” कहा।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह तथा क्षेत्राधिकारी नगर विवेक जावला के नेतृत्व में एसओजी एवं सर्विलांस टीम ने CEIR पोर्टल और मोबाइल मिसिंग प्रार्थना पत्रों के आधार पर तकनीकी विश्लेषण करते हुए यह सफलता प्राप्त की। टीम ने तत्परता से कार्रवाई कर विभिन्न स्थानों से मोबाइल फोन बरामद किए।
इस दौरान लोगों को मोबाइल गुम होने की स्थिति में तुरंत पुलिस शिकायत दर्ज कराने, UPCOP एप के माध्यम से ई-एफआईआर कराने, सिम बंद कराकर नया सिम लेने तथा CEIR पोर्टल पर मोबाइल की जानकारी दर्ज कराने के लिए भी जागरूक किया गया।
मोबाइल बरामदगी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी आशुतोष सिंह, नितिन सिंह, अमित कुमार सिंह तथा आरक्षी सत्यम सिंह शामिल रहे। उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम को 15 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।











