
बदलते मीडिया परिदृश्य में डिजिटल मीडिया की बढ़ती भूमिका पर मंथन, विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाएं सम्मानित
मिर्जापुर। डिजिटल मीडिया प्रेस क्लब, संबद्ध जर्नलिस्ट वेलफेयर सोसाइटी मिर्जापुर के तत्वावधान में आयोजित हिंदी पत्रकारिता दिवस समारोह-2026 शुक्रवार को जीडी बिनानी पीजी कॉलेज सभागार में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का विषय “पत्रकारिता के बदलते स्वरूप में डिजिटल मीडिया की भूमिका” रहा, जिस पर पत्रकारों, शिक्षाविदों और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व कुलपति आद्याप्रसाद पांडे रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में टर्निंग इंडिया के संपादक कैलाश त्रिपाठी, वरिष्ठ पत्रकार सलिल पांडे, पीटीआई संवाददाता संतोष श्रीवास्तव, अमृत प्रभात के मनोज शुक्ला तथा जीडी बिनानी पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अशोक सिंह उपस्थित रहे। मंच पर मौजूद अतिथियों ने हिंदी पत्रकारिता की दो सौ वर्षों की गौरवशाली यात्रा का उल्लेख करते हुए बदलते समय में डिजिटल मीडिया की बढ़ती उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डिजिटल मीडिया प्रेस क्लब के अध्यक्ष व टीवी हंड्रेड के ब्यूरो चीफ वीरेंद्र गुप्ता ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में वीरेंद्र गुप्ता ने कहा कि आज प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया दोनों ही तेजी से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर स्थानांतरित हो रहे हैं। लोगों की समाचार पढ़ने और देखने की आदतों में बड़ा बदलाव आया है। अब अधिकांश पाठक मोबाइल फोन के माध्यम से अखबार पढ़ रहे हैं और दर्शक सोशल मीडिया व डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए समाचार चैनलों की सामग्री देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में डिजिटल मीडिया पारंपरिक पत्रकारिता के स्वरूप को और अधिक परिवर्तित करेगा तथा इसकी उपयोगिता लगातार बढ़ती जाएगी।
संस्था के संस्थापक एवं कार्यक्रम संयोजक सपनेश पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि डिजिटल युग में पत्रकारिता की जिम्मेदारी पहले से अधिक बढ़ गई है। सूचना के तीव्र प्रवाह के बीच तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरों का प्रसार ही पत्रकारिता की सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने पत्रकारों से समाज और लोकतंत्र के प्रति अपनी जवाबदेही को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान समाज, शिक्षा, खेल, उद्यमिता एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाली पावरलिफ्टिंग चैंपियन निधि सिंह पटेल को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। पर्यावरण संरक्षण और निरंतर पौधारोपण अभियान चलाने वाले अनिल कुमार सिंह ‘ग्रीन गुरु’ को भी सम्मानित किया गया। शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए एसएन पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर डॉ. राजेश सिंह को सम्मानित किया गया। वहीं सामाजिक और सहकारिता क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष एवं भाजपा नेता डॉ. जगदीश सिंह पटेल को सम्मान से नवाजा गया। उद्यमिता के क्षेत्र में अजय कुमार सिंह उर्फ छोटू पटेल तथा पत्रकारिता क्षेत्र में एनडीटीवी के पत्रकार बृजेश दुबे को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में जनपद के अनेक वरिष्ठ पत्रकारों की उपस्थिति रही। इनमें अमर उजाला के ब्यूरो चीफ जयंत चतुर्वेदी, पी के न्यूज के संवाददाता प्रवीण सिंह भारत समाचार के ब्यूरो पवन तिवारी,आकाश दुबे इंडिया टीवी के ब्यूरो राजन गुप्ता, हिंदुस्तान के ब्यूरो चीफ वीरेंद्र दुबे, दैनिक भास्कर की ब्यूरो चीफ विमलेश अग्रहरि, सुनीता चौधरी,भारत संवाद के ब्यूरो चीफ अशोक बिंद, हिंदुस्तान से मिथिलेश अग्रहरि ,सारिका दुबे विजय श्रीवास्तव मिर्जापुरी बृजेश गौड़ शशि साहू मोहित गुप्ता बबलू रत्ना संदीप श्रीवास्तव वशी रिजवी गुड्डू खान सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन ध्रुवजी पांडे ने प्रभावशाली एवं प्रेरणादायी शैली में किया, उनके संचालन की उपस्थित लोगों ने सराहना की। अंत में क्लब के संरक्षक अश्वनी सिंह ने सभी अतिथियों, पत्रकारों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारिता समाज को दिशा देने का सशक्त माध्यम है और ऐसे आयोजन पत्रकारों को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।
हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर आयोजित यह समारोह पत्रकारिता, समाज सेवा, शिक्षा और जनजागरूकता के विभिन्न आयामों को एक मंच पर लाने वाला यादगार आयोजन साबित हुआ।
दैनिक भास्कर की ब्यूरो चीफ विमलेश अग्रहरि ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों का संकलन नहीं, बल्कि समाज को जागरूक और उत्तरदायी बनाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में पत्रकारों के सामने तेजी से बदलती चुनौतियां हैं, लेकिन निष्पक्षता, सत्यता और जनहित की मूल भावना आज भी पत्रकारिता की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने युवा पत्रकारों से तकनीकी दक्षता के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को भी प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
समारोह में जिले के वरिष्ठ पत्रकारों के साथ पांच दर्जन से अधिक अन्य पत्रकारों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही।












