मीरजापुर: जज और डीएम ने बाल सुधार गृह व जिला जेल का किया औचक निरीक्षण

मीरजापुर: जज और डीएम ने बाल सुधार गृह व जिला जेल का किया औचक निरीक्षण, बच्चों और बंदियों की सुविधाओं का लिया जायजा

मीरजापुर, 31 जुलाई 2026 जनपद न्यायाधीश अनुपम कुमार और जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने शुक्रवार को नगर के मोर्चाघर स्थित बाल सम्प्रेक्षण गृह (बाल सुधार गृह) का आकस्मिक निरीक्षण कर वहां रह रहे किशोरों की शिक्षा, स्वास्थ्य और भोजन व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, भोजन और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जनपद न्यायाधीश ने अधीक्षक एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देश दिया कि बच्चों का हर महीने कम से कम दो बार स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए, नियमित शिक्षा उपलब्ध कराई जाए तथा उन्हें कौशल विकास योजनाओं से भी जोड़ा जाए, ताकि भविष्य में वे आत्मनिर्भर बन सकें।

इसके बाद जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह ने जिला कारागार का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न बैरकों, महिला बैरक, जेल अस्पताल और रसोईघर का निरीक्षण किया गया। पुलिसकर्मियों ने बंदियों के सामान की तलाशी ली, जिसमें कोई भी आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली।

अधिकारियों ने जेल अस्पताल में भर्ती बंदियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और समय पर दवा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही रसोईघर में भोजन की गुणवत्ता की जांच कर बंदियों को समय पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बंदियों से कहा कि यदि किसी को निःशुल्क विधिक सहायता या सरकारी अधिवक्ता की आवश्यकता हो तो वह जेल अधीक्षक के माध्यम से आवेदन कर सकता है। अधिकारियों ने जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी।

निरीक्षण के दौरान सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आनंद कुमार द्वितीय तथा उप जिलाधिकारी सदर महेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें