
16 व 17 जुलाई को होगी हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट व कम्पार्टमेंट की प्रयोगात्मक परीक्षा
मिर्जापुर। जिला विद्यालय निरीक्षक राज कुमार दीक्षित ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज द्वारा आयोजित हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट एवं कम्पार्टमेंट परीक्षा-2026 की प्रयोगात्मक परीक्षा 16 एवं 17 जुलाई को आयोजित की जाएगी। हाईस्कूल के पात्र परीक्षार्थियों का आंतरिक मूल्यांकन संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों द्वारा कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा-2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन करने वाले पात्र परीक्षार्थियों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं भी 16 एवं 17 जुलाई को जनपद एवं मंडल स्तर पर निर्धारित राजकीय अथवा अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में संपन्न कराई जाएंगी। यह कम्पार्टमेंट प्रयोगात्मक परीक्षा का अंतिम अवसर होगा, इसके बाद पुनः परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि सभी प्रयोगात्मक परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराई जाएंगी। आवश्यकता पड़ने पर परीक्षा की रिकॉर्डिंग माध्यमिक शिक्षा परिषद कार्यालय को उपलब्ध करानी होगी।
उन्होंने सभी संबंधित छात्र-छात्राओं से निर्धारित तिथियों में अपने पंजीकृत विद्यालय के प्रधानाचार्य से संपर्क कर प्रयोगात्मक परीक्षा में अनिवार्य रूप से सम्मिलित होने की अपील की है। साथ ही विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया गया है कि हाईस्कूल के आंतरिक मूल्यांकन के विषयवार अंक तथा इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षा की ओएमआर शीट 20 जुलाई 2026 तक क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी में अनिवार्य रूप से उपलब्ध करा दें।












