
17 दिन में 45 वाहनों पर कार्रवाई, 19.36 लाख रुपये वसूले
अवैध खनन व परिवहन पर प्रशासन सख्त, 32 वाहन थानों की अभिरक्षा में
ओवरलोड व अवैध उपखनिज परिवहन पर शिकंजा, करोड़ों की राजस्व क्षति की भरपाई की कार्रवाई
मीरजापुर में अवैध खनन, उपखनिज परिवहन और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के दौरान प्रशासन ने 45 वाहनों पर ऑनलाइन चालान कर 19.36 लाख रुपये की वसूली की। साथ ही 32 वाहनों को संबंधित थानों की अभिरक्षा में दिया गया है, जिनसे 27.20 लाख रुपये की अतिरिक्त वसूली की कार्रवाई की जा रही है।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के आदेश तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में खान अधिकारी जीतेन्द्र सिंह के नेतृत्व में 1 जून से 17 जून 2026 के बीच जिले में औचक जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान उपखनिज के अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के मामलों में कार्रवाई की गई।
प्रशासन ने बताया कि संबंधित वाहनों से नियमानुसार रॉयल्टी, खनिमुख मूल्य और शास्ति की वसूली के अलावा ओवरलोड वाहनों के लिए परिवहन प्रपत्र जारी करने वाले क्रशर प्लांट संचालकों के विरुद्ध भी प्रति वाहन पांच लाख रुपये तक की शास्ति लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में मई 2026 तक अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त 1,939 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2.90 करोड़ रुपये से अधिक की राजस्व क्षतिपूर्ति एवं शास्ति वसूली गई है। इसके अलावा अवैध खनन एवं परिवहन से जुड़े 10 मामलों में परिवाद भी दर्ज कराया गया है।
प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध खनन, अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।















