
मिशन शक्ति फेज-5 के तहत महिलाओं को कानूनी जागरूकता और आत्मरक्षा का प्रशिक्षण
मिर्जापुर।
मिशन शक्ति फेज-5 के तहत जनपद मिर्जापुर के थाना चील्ह क्षेत्र के मुजेहरा कला गांव में आज 30 अक्टूबर 2025 को महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में थाना चील्ह पुलिस टीम ने महिलाओं को नए विधिक कानूनों, आत्मरक्षा के उपायों और सरकारी सहायता सेवाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा और सहायता के लिए 1090 (महिला हेल्पलाइन), 181 (महिला सहायता), 112 (आपातकालीन सेवा) और 1098 (बाल सहायता) जैसे नंबर्स का संचालन किया जा रहा है, जिनका उपयोग संकट की स्थिति में किया जा सकता है।
इस अवसर पर समाजसेविका ज्योति श्रीवास्तव और ग्राम प्रधान अनीता सिंह का विशेष सहयोग रहा, जिन्होंने बड़ी संख्या में महिलाओं को कार्यक्रम में शामिल कराया।
हाई कोर्ट के अधिवक्ता आशीष श्रीवास्तव भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि वे महिलाओं को निशुल्क कानूनी सहायता प्रदान करते रहेंगे।
पुलिस टीम ने आत्मरक्षा से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता की जानकारी देते हुए महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम को ग्रामीण महिलाओं ने अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।















