मंदिर परिसर में खोया युवती का कैश से भरा पर्स पुलिस ने सकुशल लौटाया

मंदिर परिसर में खोया युवती का पर्स पुलिस ने सकुशल लौटाया

विंध्याचल। माँ विंध्यवासिनी धाम में दर्शन-पूजन करने पहुंची अर्चना तिवारी, निवासी बैदा बाजार, थाना पनेरा, जनपद महराजगंज (उ.प्र.) का पर्स बुधवार को मंदिर परिसर में कहीं खो गया था। पर्स में दो मोबाइल फोन, 20 हजार रुपये नकद और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे।

ड्यूटी पर तैनात आरक्षी दीपक गौड़ की नजर मंदिर परिसर में पड़े पर्स पर पड़ी। उन्होंने तत्काल पर्स को सुरक्षित पुलिस कंट्रोल रूम में जमा कराया। इसके बाद कंट्रोल रूम में मौजूद महिला आरक्षी माधवी सिंह, आरक्षी रामआशीष सिंह और आरक्षी मोहित रंजन द्वारा मुनादी कर मालिक का पता लगाया गया।

सूचना पाते ही अर्चना तिवारी कंट्रोल रूम पहुंचीं, जहां पुलिसकर्मियों ने सत्यापन के बाद पर्स सहित उसमें रखे दोनों मोबाइल, 20 हजार रुपये नकद व सभी दस्तावेज उन्हें सौंप दिए।

पर्स सुरक्षित लौटने पर युवती ने मीरजापुर पुलिस, विंध्यधाम प्रभारी तथा सुरक्षा में लगे सभी पुलिसकर्मियों की हार्दिक प्रशंसा की और धन्यवाद व्यक्त किया।

मीरजापुर पुलिस का कहना है कि “जनसेवा और सुरक्षा हमेशा हमारी प्राथमिकता है।”