
मीरजापुर में पंचायत मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 22 अप्रैल को
मीरजापुर। जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय निकाय) द्वारा त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण कार्यक्रम में आंशिक संशोधन करते हुए नई समय सारिणी जारी कर दी गई है। राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ की अधिसूचना के क्रम में जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मतदाता सूचियों के अद्यतन से जुड़े विभिन्न कार्य 17 मार्च 2026 से 21 अप्रैल 2026 तक संपन्न कराए जाएंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत इस अवधि में मतदान केंद्रों/स्थलों का क्रमांकन, वार्डों की मैपिंग, मतदाता क्रमांकन, SVN आवंटन, मतदाता सूची की डाउनलोडिंग तथा फोटो प्रतियां तैयार करने जैसे कार्य किए जा रहे हैं। इसके बाद निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 22 अप्रैल 2026 को किया जाएगा।
निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में इस कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे। साथ ही संबंधित कार्यालयों के सूचना पट्टों पर भी कार्यक्रम का प्रदर्शन किया जाएगा, ताकि आमजन को पूरी जानकारी मिल सके।
वृहद पुनरीक्षण के दौरान पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे और निर्धारित समय सीमा के भीतर ही समस्त कार्य पूर्ण कराए जाएंगे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी परिस्थिति में समय सीमा में वृद्धि नहीं की जाएगी।













